सोमवार, 29 जून 2026

मेन आर फ़्रॉम मार्स, विमेन आर फ़्रॉम वीनस: पुस्तक समीक्षा

पुस्तक का आवरण पृष्ठ
करीब डेढ़ दशक पहले की बात है, मैंने एक पुस्तक के बारे में किसी समाचार पत्र की वेबसाइट पर पढ़ा। मुझे पुस्तक का शीर्षक बहुत अच्छा और अलग लगा था। मुझे शुरूआत में ऐसा लगा कि पुस्तक का दावा है कि पुरुष मंगल ग्रह से आये हैं जबकि महिलायें शुक्र ग्रह से आये हैं। हालांकि पुस्तक को पढ़ना आरम्भ करते ही इसके बारे में समझ में आया। पिछले वर्ष मैंने कुछ पुस्तकें क्रय की थी और इसी दौरान मैंने यह पुस्तक भी क्रय की। पुस्तक का शीर्षक मेन आर फ़्रॉम मार्स, विमेन आर फ़्रॉम वीनस (Men are from Mars, Women are from Venus) है जिसका लेखक जॉन ग्रे (John Gray) है। जॉन ग्रे अमेरिकी लेखक है और उनकी यह पहली प्रकाशित पुस्तक थी। यह पुस्तक सन् 1992 में प्रकाशित हुई अर्थात् मैंने यह पुस्तक प्रकाशन के 34 वर्ष बाद पढ़ी। जो पुस्तक मैंने पढ़ी, उसका आवरण पृष्ठ हरे रंग का है और उसमें कुछ रूपरेखायें व उभार हैं। उभारों को हाथ कि अंगुलियों से अनुभव किया जा सकता है। पुस्तक पर सबसे उपर काले अक्षरों में "You can't live with them, and you can't live without them!" लिखा है अर्थात् आप उनके साथ भी नहीं रह सकते और उनके बिना भी नहीं! इसके बाद श्वेत वर्ण में पुस्तक का शीर्षक लिखा है जिसके उपर दायीं ओर एक युवक का कार्टून है जबकि नीचे बायीं तरफ एक युवती का कार्टून बना हुआ है। नीचे बायीं तरफ लेखक का नाम लिखा है जबकि दायीं ओर "Get seriously involved with the classic guide to surviving the opposite sex." लिखा है अर्थात् विपरीत लिंग के साथ तालमेल बिठाकर रहने के इस उत्कृष्ट पथप्रदर्शक गाइड को गंभीरता से अपनायें। पुस्तक के लिए लेखक जॉन ग्रे ने अपनी पत्नी बॉनी ग्रे (Bonnie Gray) को बहुत-बहुत धन्यवाद दिया है। पुस्तक में पहले विषयसूची है और बाद में आगे की जानकारी है। विषय सूची में सर्वप्रथम आभार व्यक्ति किया है और उसके बाद प्रस्तावना दी गयी है। प्रस्तावना के बाद पुस्तक का मुख्य भाग आरम्भ होता है जिसमें कुल 13 पाठ हैं।

पुस्तक लिखते समय सहयोग करने वाले विभिन्न व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया गया है। लेखक ने सर्वप्रथम अपनी पत्नी और बाद में अपनी तीन बेटियों का आभार व्यक्त किया है। इसके बाद उन्होंने अपने माता-पिता और विभिन्न दोस्तों को क्रमशः आभार व्यक्त किया है। हालांकि पुस्तक पढ़ने में ऐसे लगता है कि सबसे अधिक योगदान उनकी पत्नी का ही है।

प्रस्तावना की शुरूआत लेखक अपने उन क्षणों से करता है जब लेखक की तीसरी पुत्री लॉरेन का जन्म होता है। लॉरेन के जन्म के बाद लेखक और उनकी पत्नी थके हुए थे। यहाँ स्पष्ट तौर पर झलकता है कि लेखक की पत्नी ने उस समय बहुत अच्छे से नहीं सम्भाला होता तो न यह पुस्तक होती और न ही उनका रिश्ता। लेखक का यह दूसरा विवाह है और इसमें भी वो वैसी ही स्थितियों का सामना कर रहा है जैसा पहले विवाह में किया था। लेकिन इसबार लेखक की पत्नी के सहयोग के कारण उनका न केवल घर बच गया बल्कि लेखक ने भी बहुत कुछ सीखा और यह पुस्तक भी सामने आयी। लेखक के अनुसार उस दिन दोनों के मध्य बहुत लड़ाई वाली बातचीत होती है और लेखक परेशान होकर दूर जाने ही वाला था कि उसकी पत्नी प्यार से कहती है कि वो उसकी बात तो सुन लें। इसके लेखक को भी थोड़ा अच्छा लगता है और वो समस्या को समझते हैं। लेखक ने इसे एक पत्र की तरह लिखा है जिसमें 15 नवम्बर 1991 की तिथि अंकित है। इसके साथ मिल वैली, कैलिफोर्निया का पता भी दिया गया है।

पहले पाठ का शीर्षक और पुस्तक का शीर्षक समान हैं। हालांकि मैं यहाँ इसे अनूदित रूप में कहना चाहूँगा जिसके अनुसार पुरुष मंगल ग्रह से आये हैं और महिलायें शुक्र ग्रह से आयी हैं। इस कारण दोनों की भाषा और कार्य करने के तौर तरिकों में भिन्नता है। शुक्र ग्रह के लोग मंगल ग्रह के लोगों को पसन्द करते थे जबकि मंगल ग्रह के लोग शुक्र ग्रह के लोगों को पसन्द करते थे। वो दोनों एक दूसरे का साथ निभाने के लिए पृथ्वी पर आ गये और भूल गये कि वो अलग-अलग ग्रह से आये हैं जिनकी संस्कृति, भाषा और अन्य विभिन्न संवाद भिन्न हैं। जब वो अपनी इस भिन्नता को याद कर लेते हैं तो समस्याओं का समाधान हो जाता है। इसके अतिरिक्त दोनों को एक दूसरे की भाषा सीखना भी उनके रिश्तों में मिठास लाती है। इस पाठ में इसी बात का उल्लेख है कि हमें अपने अंतर को याद रखना चाहिए। केवल अच्छी इरादों से काम नहीं चलता।

समस्या सुलझाने वाले (पुरुष) और गृह सुधार समिति (महिला) को दूसरे पाठ में समझाया गया है। इसमें मंगल ग्रह पर जीवन अर्थात् पुरुषों के रहन-सहन व शुक्र ग्रह पर जीवन अर्थात् महिलाओं का रहन-सहन समझाया गया है। इसक एबाद यह बताया गया है कि पुरुष को जब महिला सलाह देती है तो वो इसे ले नहीं पाता है और उसे लगता है कि उसे कमजोर समझा जा रहा है। अतः सामान्य स्थानों पर उसे सलाह मत दो, यदि वो सलाह मांगे तो बात अलग है। इसी तरह महिलाओं को समझने के लिए पुरुष को सुनना सीखना चाहिए। महिलायें सुधार करने का प्रयास करती हैं और पुरुष समस्या को सुधारने का प्रयास करते हैं जबकि यहाँ बहुत बड़ी गलतियाँ होती हैं। इसके लिए विभिन्न उदाहरण दिये गये हैं।

तीसरे पाठ में पुरुष के अपनी गुफा में जाने और महिलाओं के अधिक बोलने के बारे में बताया गया है। यह मुख्यतः तनाव के समय की स्थिति को दर्शाया गया है। इसके अनुसार जब पुरुष तनाव अथवा समस्या देखता है तो वो चुप होकर अपनी समस्या को हल करने का प्रयास करता है। ऐसे समय में उससे बात करने उसे परेशान करता है अर्थात् वो अपनी गुफा में जा रहा है। ठीक इसी तरह जब कोई महिला तनाव में अथवा समस्या का सामना कर रही होती है तो वो बहुत अधिक बोलती है। उसका बोलना समस्या से पूर्णतः अलग हो सकता है और इस समय उसे सुनने पर वो अपनी उस निम्न स्तर तक भी जा सकती है जहाँ पुरुष को हर एक समस्या का दोषी बता सकती है जबकि वैसा कोई दोष हो ही नहीं। हालांकि एक न्यूनतम स्तर तक जाने के बाद वो वापसी करती है और वास्तविक समस्या बताती है। महिला की इस स्थिति को इस पाठ/पुस्तक में कूप में जाकर आना बताया है। इसके बाद इसमें बताया गया है कि जब पुरुष अपनी गुफा में जाता है तो महिला को ऐसे लगता है जैसे वो उनसे दूर जा रहा है जबकि उन्हें गुफा में जाने देना चाहिए। ठीक इसी तरह एक महिला के कूप में जाने पर पुरुष को लगता है कि महिला उससे प्यार नहीं करती जबकि वो सबकुछ गलत समझ रहा होता है। इन कठिन स्थितियों में विपरीत लिंगी के व्यवहार को भी समझाया गया है और इसे अलग-अलग लोगों के व्यवहार के रूप में लिखा गया है।

चौथे पाठ में विपरीत-लिंगी (जीवनसाथी) को प्रेरित करने के बारे में लिखा गया है। पुरुष अपने आप को प्रेरित और सशक्त मानता है जब वो अपने आप को जरूरतमंद पाता है जबकि महिला अपने आप को प्रेरित और सशक्त तब मानती है जब उन्हें याद करके स्नेह दिखाया जाता है। इसमें एक महिला के प्यार करने की स्थिति को उल्लिखित किया गया है कि वो ऐसे समय में कैसे व्यवहार करती है और कैसे अनुभव करती है। इसी तरह पुरुष के प्यार होने पर उसके व्यवहार और अनुभवों को भी लिखा गया है। इसमें एक दूसरे की सीमाओं का उल्लंघन नहीं करने का अर्थ एवं महत्त्व समझाया गया है और इसके तरिके भी बताये हैं। इसके अनुसार प्यार में गलतियाँ करना सामान्य है और प्यार पुरुषों को भी चाहिए होता है। इन स्थितियों को उदाहरण सहित समझाया गया है।

पुस्तक के पांचवे अध्याय में अलग भाषा का वर्णन किया गया है। इसमें बताया है कि महिलायें कैसे अपनी भावनाओं को व्यक्त करती हैं और पुरुष कैसे भावनायें व्यक्त करते हैं। इसके अनुसार दोनों की भाषा में शब्दावली समान होती है लेकिन उसके अर्थ भिन्न होते हैं। इसमें उन सामान्य त्रुटियों को समझाया गया है जो दोनों की अलग भाषा के कारण समस्या बनती हैं। इसमें महिलाओं के अधिक बोलने और पुरुषों के अपनी गुफा में जाने को समझाया है। इसमें चेतावनी के संदेशों को समझने का भी वर्णन किया है और कुछ उदाहरण भी दिये हैं। इसी पाठ में पुरुषों के गुफा में जाने और महिलाओं के कूप में जाने के समय किये जाने वाले उस व्यवहार को समझाया है जो उन परिस्थियों के लिए सर्वोत्तम होता है।

छठे पाठ के अनुसार पुरुष रबर बैंड की तरह होते हैं अर्थात् वो कई बार अकारण ही अपनी जीवनसंगिनी से दूर जाने लगते हैं जैसे रबर बैंड को कोई खींच रहा हो। लेखक के अनुसार यह प्रक्रिया बार-बार होती है और महिलाओं को इसकी जानकारी होनी चाहिए। इसमें पुरुष के ऐसे दूर जाने के कारण को भी समझाया है और महिलाओं के इस समय के दर्द को भी समझाया है। ऐसी स्थिति में महिलाओं को क्या करना चाहिए और कैसे इसे खींचने की कोशिश नहीं करनी चाहिए, यह समझाया है। इस समय का व्यवहार दूरियाँ बढ़ा सकता है। सामान्यतः महिलाओं को ऐसे समय में चुप रहना चाहिए और ऐसा करने से पुरुष अगली बार अधिक प्यार करेगा। लेखक के अनुसार इसकी आवृत्ति और लम्बाई पुरुष के बचपन और माता-पिता के रिश्तों पर निर्भर करता है।

सातवें पाठ में बताया गया है कि महिलायें तरंगों की तरह होती हैं। इसके अनुसार महिलायें कई बार स्वतः ही तरंग के शीर्ष पर होती हैं तो कई बार गर्त में होती हैं। इसका सामने वाले से कोई लेना देना नहीं होता। हालांकि गर्त की गहराई सामने वाले पर निर्भर करती है। यदि सामने वाला उन्हें ध्यान से सुन ले तो वो अपनी गर्त पर जाकर वापस उपर आने लगती हैं लेकिन उन्हें ध्यान से नहीं सुनने की स्थिति में गर्त की गहराई और अधिक हो जाती है। मैंने मेरे दैनिक जीवन में भी यह व्यवहार बहुतायत में देखा है। पुस्तक में इस गर्त को कूप कहा गया है। इसे विभिन्न तरिकों के साथ समझाया है और इसे समझने के कुछ सरल उपाय भी बताये हैं। इसमें उस स्थिति को भी बताया है जब महिला अपने कूप की तरफ बढ़ रही है जहाँ उसे सुनने वाला चाहिए और पुरुष अपनी गुफा की तरफ जा रहा हो जब वो किसी को सुनने की स्थिति में नहीं जाना चाहता है। उनके तर्क किस तरह के और अलग-अलग होते हैं, पुराने भावनायें कैसे सामने आती हैं, भावनाओं में बुरा लगना और महिला-पुरुष के आपसी लड़ाई को भी यहाँ समझाया गया है। इस स्थिति में एक दूसरे को सम्भालने की विधियाँ भी बताई गयी हैं जो पढ़ने में बहुत सरल लगती हैं। इसके बाद इसमें यह भी बताया कि धन कैसे प्यार का दुश्मन बन जाता है। अर्थात् प्यार और रिश्तों का सीधे तौर पर सम्पति से कोई लेना देना नहीं है लेकिन पैसा कमाने के चक्कर में लोग एक दूसरे को कम समय दे पाते हैं जो रिश्तों के लिए बुरा होता है। इसके अतिरिक्त जब सामान्य आवश्यकताओं की पूर्ति हो जाती है तो लोगों को प्यार की आवश्यकता महसूस होती है। इस तरह भावनाओं के महत्त्व को इसमें समझाया गया है।

आठवें अध्याय में महिला और पुरुष की अलग-अलग भावनाओं को दिखाया गया है। इसमें शुरूआती रूप से 12 तरह के प्यार को बताया गया है। इसमें महिलाओं के लिए छः प्यार इस तरह हैं: ख्याल रखना, उन्हें समझना, सम्मान देना, निष्ठा रखना, अपनी बात का समर्थन पाना, आश्वासन पाना। पुरुष के लिए छः प्यार इस तरह हैं: विश्वास करना, स्वीकार्यता, सराहा जाना, तारीफ़ करना, उनके साथ संतुष्टि और प्रोत्साहन पाना। लेखक ने इन्हें शुरूआती प्यार के लक्षणों में बांटा है जबकि लेखक का कहना है कि दोनों को ही पूरे 12 तरह के लक्षण चाहिए लेकिन शुरूआती और पूर्ण में अंतर को यहाँ लिखा गया है। इन सभी को एक-एक करके समझाया है और इसके बाद एक चमकते कवच वाले योद्धा की कहानी लिखी है। यह कहानी समझाने के लिए है कि एक पुरुष की सहायता करना कैसे उसे दूर कर देता है। इसमें वो स्थितियाँ समझायी गयी हैं जिनमें प्यार खत्म होने लगता है। इसमें मुख्य समझ यह है कि लोग वो ही देते हैं जो वो पाना चाहते हैं और इस स्थिति में प्यार मरने लगता है।

अध्याय 9 में बहस से बचने के तरिके सुझाये गये हैं। इसमें बताया गया है कि हम बहस क्यों करते हैं और इससे बुरा क्यों लगता है? बुरा लगने से बचने के लिए क्या करना चाहिए, इसके लिए चार बिंदू रखे गये हैं। इन चार बिंदुओं में पहला आक्रमण है जिसके अनुसार पुरुष बहस में जीतने का प्रयास करता है और इसके लिए वो बहुत अधिक ताबड़तौड़ हमले करता है। दूसरे बिंदू के अनुसार जब पुरुष हारने लगता है तो वो हार स्वीकार करने के स्थान पर वहाँ से भागने लगता है और अपनी गुफा में चला जाता है। तीसरा और चौथा तरिका महिलाओं का होता है जिसमें वो बहस की स्थिति में ऐसे व्यवहार करती हैं जैसे कुछ हुआ ही नहीं हो और इससे उन्हें आंतरिक रूप से दुख होता है। इसके अतिरिक्त वो कई बार पूर्ण समर्पण भी कर देती हैं जिससे वो तात्कालिक रूप से समस्या का हल हो जाता है लेकिन लम्बे समय के लिये वो बहुत दुखी हो जाती हैं। इसमें आगे बहस करने के छुपे हुये कारणों को बताया गया है। इसमें बहस से बचने के लिए छुपे हुये कारणों को समझने का तरिका भी बताया गया है।

अध्याय 10 में अपने प्रेमी का दिल जीतने के तरिके बताये हैं। इसे अंकों के रूप में दिखाया है और बताया गया है कि महिलायें आपके पक्ष में आपके हर अच्छे काम के लिए एक अंक जोड़ देती हैं। इसमें सबसे महत्त्वपूर्ण यह बात है कि आप किसी महिला को एक रुपये का उपहार दें या एक लाख रुपये का उपहार दें, वो आपके लिए एक अंक की बढ़ोतरी ही करेंगी। इसके लिए यहाँ वो 101 तरिके लिखे हैं जिसमें महिलायें आपको अंक देंगी। इसके बाद इन तरिकों के कारणों को समझाया है। इसके बाद वो 26 तरिके लिखे हैं जिनसे पुरुष महिला को अंक देते हैं अर्थात् प्यार करते हैं। पुरुष हर काम के लिए अलग-अलग अंक देते हैं और उनके अंकों की संख्या एक से आरम्भ होकर 60 तक हो सकती है। अर्थात् वो एक ही काम के 60 अंक एकसाथ दे सकते हैं। इसके बाद इसी अंक में अंक कटने के तरिके भी बताये हैं जो अंक देने के स्थान पर उन्हें अप्रत्याशित रूप से कम कर देते हैं।

ग्याहरवें अध्याय में प्रेम पत्र लिखने की बात की गयी है। यहाँ प्रेम पत्र को कागज पर लिखना या कंप्यूटर पर लिखने की बात कही गयी है। यहाँ प्रेम पत्र केवल अपने प्रेमी या जीवनसाथी को नहीं लिखवाया बल्कि सभी को लिखने के लिए कहा गया है। इसमें प्रेमपत्र की तकनीक को बताया है जिसमें प्रेमपत्र को तीन भागों में बांटने के लिए लिखा है। इसमें पहला भाग क्रोध, दुख, डर, अफ़सोस और प्रेम की भावनाओं को लिखने के लिए कहा है, दूसरे जवाबी पत्र अथवा पहले पत्र का उत्तर लिखना सीखाया है और तीसरा भाग सम्बंधित व्यक्ति को प्रेम पत्र और इसके उत्तर को पढ़ाने या सुनाने के बारे में कहा गया है। प्रेमपत्र लिखने के विभिन्न प्रारूप और प्रेमपत्र भी दिये गये हैं जिससे लिखने वाले को सहायता मिल सकती है।

बाहरवें अध्याय में अपने साथी से मदद मांगने की विधियाँ बतायी हैं। इसके शुरुआत में बताया है कि महिलायें मदद क्यों नहीं मांगती हैं। इसमें वो तरिके बताये हैं जिनके माध्यम से महिलाओं को अपने साथी से मदद मांगनी चाहिए। इसमें मुख्य बात यह है कि महिलाओं को सीधे मदद मांगनी चाहिए। परोक्ष रूप से सहायता मांगने पर पुरुष उसे अपमान की तरह मानता है। इसमें पहले चरण में महिलाओं को वो प्रश्न पूछना सीखाया गया है जो उन्हें मिल रहा है। दूसरे चरण में उन्हें सहायता के लिए पूछे जाने वाले प्रश्नों के बारे में बताया गया है और तीसरा चरण दृढ़ता से प्रश्न पूछने और सहायता पाने का तरिका सीखाया गया है।

तेहरें और अंतिम अध्याय में प्यार को ज़िंदा रखने के तरिकों को समझाया है। इसके शुरूआत में 12 कारण दिये हैं जिससे जोड़ों में लड़ाई होती है। इसमें लिखा है कि आप भी इन कारणों में से कोई एक अपने साथ में देखोगो। इसमें आगे बताया गया है कि जोड़ों में होने वाली लड़ाइयों में 90 प्रतिशत कारण उनके साथी से जुड़े न होकर उनकी स्वयं की पृष्ठभूमि से जुड़े होते हैं। इसके अंत में प्यार को ऋतुओं से जोड़कर दिखाया है। इसके अनुसार प्यार का पहला चरण वसंत की तरह होता है जिसमें सबकुछ सुहावना और अच्छा लगता है। इसमें लोग अपने साथी को आदर्श की तरह देखते हैं। प्यार का दूसरा चरण ग्रीष्मकाल की तरह होता है जिसमें ऐसा लगता है कि उनका साथी आदर्श नहीं है और उसमें भी कमियाँ हैं। लेखक के अनुसार इस चरण में लोग अपने साथी को दोष देते हैं जबकि यह एकदूसरे को समझने और सहायता करने का समय होता है। तीसरा चरण पतझड़ का समय होता है और इसी समय प्यार के फल खाने को मिलते हैं। इसमें अच्छे परिणाम देखने को मिलते हैं। इसका अंतिम चरण शिशिर काल अर्थात् शीतकाल होता है। यह समय पुरुषों के लिए उनकी गुफा में जाने का और महिलाओं के लिए अपने कूप में जाने का होता है। यदि वो यह समय सफलतापूर्वक निकाल दें तो उनका वसंत पुनः आ जाता है। इस तरह आप अपने सम्बंधों को सफल बना सकते हो।

इस तरह पुस्तक बहुत ही अच्छे ढ़ंग से और अच्छे उदाहरणों के साथ लिखी गयी है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें